रोहतक। शहर में दुर्गा भवन मंदिर के पास शनिवार की रात जूतों की दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। इसमें काफी सामान जल गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। दुकानदार संजय पुनिया ने बताया कि उसकी दुर्गा भवन मंदिर की दुकानों में एक दुकान है। शाम को करीब छह बजे दुकान बंद करके घर चला गया। रात करीब 10 बजकर 20 मिनट पर किसी राहगीर ने सूचना दी कि आपकी दुकान के अंदर से धुआं उठ रहा है। वह तुरंत मौके पर पहुंचा और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब तीन लाख का सामान जलकर नष्ट हो चुका था। मौके पर आसपास के दुकानदार एकत्रित हो गए। व्यापारियों के प्रधान रोहित ने बताया कि पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर से मिलकर पीड़ित दुकानदार को मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।