अशोका चौक के पास दुकान पर लगी आग को बुझात दमकल कर्मी
रोहतक। अशोका चौक पर शनिवार रात करीब सात बजे शाॅर्ट सर्किट के चलते शीट कवर की दुकान में आग लग गई, जो तेज लपटों के चलते साथ लगी फोटोस्टेट की दुकान में भी पहुंच गई। सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तीन घंटे की जद्दोजहद के बाद आग पर काबू पाया।
दिल्ली बाईपास निवासी कपिल सिंह ने बताया कि अशोका चौक व लेबर चौक के बीच में उसकी कार, स्कूटी व बाइक के सीट कवर व बैग बनाने की दुकान है। नीचे कारीगर काम करते हैं, जबकि ऊपर गोदाम में माल रखा रहता है। साथ ही पंच लगाने के लिए चार मशीन भी रखी थी। रविवार रात करीब 6 बजकर 50 मिनट वह दुकान बंद करके घर चला गया। वह घर पहुंचा ही था कि पड़ोसियों के फोन आने लगा। बताया कि दुकान के अंदर से धुंआ उठ रहा है। तत्काल वह मौके पर पहुंचा, आग तीसरी मंजिल तक पहुंच गई थी। साथ लगती दुकान में भी आग फैल गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और शटर का ताला तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। तीन गाड़ियों ने सात बजे तक आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों रुपये का मालिक ने नुकसान बताया है।
ऊंची लपटों से थम गया ट्रैफिक, वीडियो बनाने लगे राहगीर
सीट कवर बनाने के लिए रेगजिन का प्रयोग होता है, जो बेहद ज्वलनशील होता है। शाॅर्ट सर्किट से जैसे ही आग लगी, तेजी से फैल गई। दूसरी मंजिल तक लपट उठ रही थी। पुरानी आईटीआई की तरफ से अशोका चौक की तरफ आने वाला ट्रैफिक थम गया। राहगीर वीडियो बनाते नजर आए।
बीमा नहीं था, प्रशासन से मदद की उम्मीद
दुकान मालिक कपिल ने बताया कि आग लगने से शीट कवर के बंडलों के अलावा सिलेंडर, मशीन व इन्वर्टर व दूसरा सामान जलकर नष्ट हो गया। उसकी दुकान का बीमा भी नहीं था। अब तो प्रशासन से ही मदद की उम्मीद है।