रोहतक। डेंगू की संख्या में रोजाना बढ़ोतरी हो रही है। शुक्रवार को भी तीन नए केस आए हैं। साथ ही लार्वा मिलने पर 50 लोगों को नोटिस भी दिया गया है। अब तक 6361 लोगों को नोटिस दिया जा चुका है।
डेंगू की बढ़ती स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को प्रदेश स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. अनिल बिरला पंचकूला ऑफिस से रोहतक पहुंचे। यहां उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र से मुलाकात कर मच्छर जनित रोगों को रोकने के लिए किए जा रहे प्रबंधों की जानकारी ली और दिशा-निर्देश दिए। वहीं शुक्रवार को भी 45 लोगों के रक्त के सैंपल लिए गए।। अब तक 1556 सैंपल लिए जा चुके हैं। एक डेंगू मरीज का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसके अलावा 19 मरीजों का ओपीडी से मिल रहे परामर्श से स्वास्थ्य में सुधार है। जिले में अब डेंगू के 24 रोगी मिल चुके हैं। इनमें 18 शहरी तो 6 ग्रामीण क्षेत्र से हैं। 14 रोगी पुरुष हैं।
यहां मिले डेंगू के केस
स्वास्थ्य विभाग की टीमों को महम शहर, देव कॉलोनी, प्रीत विहार, खरकड़ा, विजय नगर, सूर्य नगर, शौरा कोठी, सेक्टर तीन, खेड़ी साध, चमारिया, मुंगान, गुढ़ान, माता दरवाजा, सेक्टर 14, सुभाष नगर, भरत कॉलोनी, एमडीयू कैंपस, सीसर खास, ओमैक्स सिटी एक-एक व पीजीआईएमएस में अब तक डेंगू के दो केस मिल चुके हैं। शुक्रवार को माता दरवाजा चौक क्षेत्र से दूसरा केस मिला है। इसके अलावा जगदीश कॉलोनी व सेक्टर-4 एक-एक नए मामले मिले हैं।
-वर्जन
स्वास्थ्य विभाग की 25 टीमें रोजाना लार्वा मिलने पर नोटिस देने के साथ-साथ ब्लड सैंपल ले रही है। लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचने के प्रति जागरूक भी कर रही है। शहर कि स्थिति गत वर्ष कि अपेक्षा ठीक है। अभी तक जिले में मलेरिया के चार केस दर्ज हैं। वही डेंगू के 24 केस दर्ज किए गए हैं।
-डॉ. रमेश चंद्र, सिविल सर्जन
-वर्जन
टीम को अलग-अलग इलाके में बांटकर सभी इलाके में भेजने के लिए निर्देशित किया है। निगम, कमेटी, पंचायत राज से मिलकर भी फॉगिंग का विशेष ध्यान रखा जाए। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी भी हाई रिस्क एरिया में जाएं।
-डॉ. अनिल बिरला, निदेशक, स्वास्थ्य विभाग हरियाणा