रोहतक। गूगल पर बैंक का हेल्पलाइन नंबर ढूंढना नेहरू कॉलोनी के युवक काे महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने तीन बार ट्रांजेक्शन करके खाते से 74 हजार 997 रुपये निकाल लिए। इस संबंध में सिटी थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक नेहरू कॉलोनी निवासी रमेश कुमार ने दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी अनिता ने जुलाना की एसबीआई बैंक की शाखा से पैसे ट्रांसफर किए थे। बैंक कर्मी की गलती से उसकी पत्नी के खाते से एक लाख रुपये डेबिट हो गए, लेकिन आगे दूसरे खाते में क्रेडिट नहीं हुए। उसने हड़बड़ाहट में गूगल से बैंक का हेल्पलाइन नंबर निकाला। कॉल की तो संबंधित व्यक्ति ने विश्वास जीतकर उसके खाते से तीन बार में 74 हजार 997 रुपये निकाल लिए।