मोखरा में जांच करते पुलिस कर्मी।
रोहतक। पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के दिशा-निर्देशों तहत सभी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने अपने एरिया में कॉम्बिंग और सर्चिंग अभियान दूसरे दिन भी चलाया। जिला पुलिस होटल, धर्मशाला, फैक्ट्री, झुग्गी-झोपड़ी इत्यादि स्थानों पर गहनता से चेकिंग की गई। इस दौरान सीआईए-1 स्टाफ की टीम व थाना बहु अकबरपुर की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गांव मोखरा व रसायन फैक्ट्री मोखरा, विफॉम टेक्नोलॉजी, इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल मोखरा में सर्चिंग अभियान चलाया। थाना पुरानी सब्जी मंडी की टीम ने तेज कॉलोनी में व्यक्तियों की गहनता से जांच की। थाना अर्बन एस्टेट की टीम ने गांव बोहर में संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। थाना आर्य नगर की ओर से घनीपुरा और शिवाजी कॉलोनी की टीम की ओर से पुरानी शुगर मिल एरिया में कॉम्बिंग की गई। सीआईए-2 स्टाफ की टीम व अन्य थाना टीम ने अपने अधिकृत एरिया में व्यक्तियों के आईडी संबंधित दस्तावेज चेक किए गए। अभियान के दौरान कई लोगों के पर्चे काटकर संबंधित थाना से जांच कराई जा रही है। इसके अलावा आमजन डायल 112 या 01262-228113 पर भी संदिग्ध लोगों की सूचना देने की अपील की है।