कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का कुछ हिस्सा कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया गया है। इसके आसपास के क्षेत्र को बफर जोन बनाया गया है। जिला मजिस्ट्रेट आरएस वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। जिलाधीश के आदेश के मुताबिक वार्ड 20 स्थित ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रमेश के घर से पश्चिम में 200 फुट तक, दक्षिण में 400 फुट, पूर्व में हाउस नंबर 530 की पिछली तरफ और उत्तर में रमेश के घर तक का एरिया कंटेनमेंट जोन होगा। वहीं, हाउस नंबर 521 से पश्चिम में मनोज बंसल के मकान, हाउसिंग बोर्ड पार्क 2 के उत्तर पश्चिम कोने से दक्षिण में हाउस नंबर 438, पूर्व में हाउस नंबर 428 और उत्तर में हाउस नंबर 521 तक का इलाका बफर जोन बनाया गया है। जिला मजिस्ट्रेट ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए हैं कि कंटेनमेंट जोन में घर-घर जाकर हर व्यक्ति की जांच करने को टीमें तैनात करें। नगर निगम कमिश्नर को पूरे कंटेनमेंट और बफर जोन का सैनिटाइजेशन करवाने को कहा गया है। दोनों अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि टीमों को पर्सनल प्रोटेक्शन उपकरण मुहैया करवाए जाएं। पुलिस को बैरिकेडिंग कर सारा कंटेनमेंट जोन सील करने की हिदायत दी गई है। कंटेनमेंट जोन में सिर्फ आवश्यक सेवाओं का ही मूवमेंट होगा। उसके लिए एंट्री व एग्जिट प्वाइंट की पहचान की जाएगी। कंटेनमेंट जोन में सभी लोगों को राशन, सब्जी, दूध जैसी आवश्यक वस्तुएं पैकेट में घर-घर पहुंचाई जाएंगी। इलाके में निर्बाध बिजली व पानी सप्लाई सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। नगर निगम कमिश्नर का दफ्तर कंटेनमेंट जोन के लिए कंट्रोल रूम का काम करेगा। एमडीयू के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संतोष तिवारी को इसका ओवरऑल इंचार्ज बनाया गया है। एमडीयू की ही डॉ. महक दांगी कंटेनमेंट जोन की ड्यूटी मजिस्ट्रेट-कम-सुपरवाइजरी अफसर होंगी।