संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा। सर्विस लेन पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी पर सवार पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बेटी की हालत काफी गंभीत बताई जा रही है। घायलों की पहचान भिवाड़ी के अरावली विहार निवासी दीपक कुमार और उनकी 11 वर्ष की बेटी शगुन के रूप में हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में भिवाड़ी के अरावली विहार निवासी दीपक कुमार ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके दो बच्चे हैं। शुक्रवार की रात साढ़े 8 बजे वह स्कूटी लेकर भिवाड़ी से कापड़ीवास सर्विस रोड पर किसी से मिलने के लिए गए थे। 11 वर्षीय बेटी शगुन स्कूटी के पीछे बैठी थी। तभी कापड़ीवास की तरफ से एक तेज रफ्तार कार के चालक ने टक्कर मार दी। इस दौरान दोनों सड़क के किनारे गिर गए। वह किसी तरह खड़ा हुए लेकिन बेटी गंभीर रूप से घायल हुई। मौके पर कार चालक गाड़ी से बाहर निकलकर आया। हालांकि, बाद में चालक भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया। भीड़ ने एक गाड़ी को रुकवाकर दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। दीपक ने बताया कि बेटी शगुन के सिर पर काफी चोटें लगी हैं और रात के समय उसका ऑपरेशन भी किया गया। फिलहाल शगुन की हालत इस वक्त गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।