हरियाणा के जिला रोहतक के सांपला थानांतर्गत गांव बखेता के नजदीक स्कूल बस और कार में भीषण टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
कार सवार हवलदार धर्मचंद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक उपनिरीक्षक समेत तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर घायल हो गए।
घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया है, जहां पर उपनिरीक्षक तेजा सिंह की हालत नाजुक होने के चलते दिल्ली रेफर कर दिया गया।
घटना वीरवार शाम साढ़े पांच बजे की है। कार सवार बखेता से रोहतक आ रहे थे।
पुलिस के मुताबिक आबकारी विभाग में तैनात उपनिरीक्षक तेजा सिंह, एएसआई समुंदर सिंह, हवलदार धर्मबीर और धर्मचंद कार में गांव बखेता से रोहतक आ रहे थे।
वे बखेता से थोड़ी दूर आगे पहुंचे तो सामने से आ रही एक निजी स्कूल बस के साथ आमने-सामने टक्कर हो गई।
इसके बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में राहगीर एकत्रित हो गए। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों को पीजीआई पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सांपला पुलिस पीजीआई पहुंची, लेकिन घायलों की हालत नाजुक होने के कारण उनके बयान दर्ज नहीं हो सके।