रोहतक। कलानौर के खेरड़ी मोड़ पर दादरी की तरफ से आई राजस्थान नंबर की टाटा 407 में 14 लोहे के ड्रम 352 किलोग्राम चूरापोस्त मिला है, जिसकी कीमत 35 लाख रुपये आंकी गई है। साथ ही पुलिस ने आरोपी खिड़वाली गांव निवासी चेतराम व डेयरी मोहल्ला निवासी कृष्ण को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।
कलानौर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुलेंद्र सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खिड़वाली गांव निवासी चेतराम व डेयरी मोहल्ला निवासी कृष्ण नशीला पदार्थ बेचने का कार्य करते हैं। दादरी की तरफ से राजस्थान नंबर की टाटा 407 में माल भरकर 152 डी की तरफ जाएंगे। पुलिस ने खेरड़ी मोड़ पर नाका लगाकर वाहनों की जांच करनी शुरू कर दी। जांच के दौरान जैसे की गाड़ी आकर रुकी तो आरोपियों की पहचान चेतराम व कृष्ण के तौर पर हुई। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें 15 लोहे के ड्रम मिले। एक ड्रम में काला तेल भरा था, जबकि 14 ड्रम में प्लास्टिक की थैलियों में 352 किलोग्राम चूरापोस्त भरा मिला।