रोहतक। विकास कार्यों को लेकर सरपंचों व पंचायत विभाग के अधिकारियों के बीच ठन गई है। सोमवार को सरपंच यूनियन के प्रधान व उप प्रधान के साथ 20 गांवों के सरपंच डीसी अजय कुमार से मिले और बीडीपीओ कलानौर पर काम न होने देने का आरोप लगाया। साथ ही प्रशासन को पांच नवंबर तक का समय दिया। नहीं तो रैली करके विरोध प्रदर्शन करेंगे। डीसी ने कहा कि वे खुद मामले की जांच करेंगे। सरपंच अपनी परेशानी लिखकर उनको दें।
उधर, बीडीपीओ कलानौर ने तीन गांवों की महिला सरपचों के प्रति, एक सरपंच व पंचायत समिति कलानौर की पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ मारपीट, धमकी व सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का केस दर्ज करवा रखा है।
दोपहर करीब पौने एक बजे सरपंच यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष व सैमाण गांव के सरपंच रणबीर सिंह व जिला प्रधान विकास खत्री इस्माईला के नेतृत्व में 20 गांवों के सरपंच लघुसचिवालय पहुंचे। अमर सिंह कबूलपुर सरपंच, सतपाल बलमबा सरपंच, सोनू गुढ़ान सरपंच, सुनील पटवापुर सरपंच, जोगिंदर भाली सरपंच व अन्य ने डीसी अजय कुमार को बताया कि बीडीपीओ जितेंद्र यादव ने सरपंचों के खिलाफ गलत केस दर्ज करवा रखा है। बीडीपीओ गांवों में विकास कार्य नहीं होने दे रहे। चार अक्तूबर को कलानौर खंड के सरपंच विकास कार्यों की मांग को लेकर बीडीपीओ से मिलने गए थे, लेकिन बीडीपीओ ने उल्टा केस दर्ज करवा दिया। न केवल केस रद्द किया जाए, बल्कि मामले की जांच हो।
बीडीपीओ कार्यालय में हुआ था चार अक्तूबर को हंगामा, पांच हैं नामजद
कलानौर के बीडीपीओ जितेंद्र यादव ने चार अक्तूबर को कलानौर थाने में शिकायत दी थी कि वह अपने कार्यालय में विकास कार्यों को लेकर चर्चा कर रहा था। साथ में रोहताश समाज एवं पंचायत अधिकारी, अंबिका दत्त सहायक सामान्य, रविंद्र लेखाकार और ग्राम सचिव पवन कुमार व जोगिंद्र राठी मौजूद थे। तभी गुढ़ान गांव की महिला सरपंच रेनू के पति सोनू, पटवापुर की महिला सरपंच ज्योति के पति सुनील, माड़ौदी रांगड़ान की सरपंच मौसम के पति बिजेंद्र, भाली-आनंदपुर गांव के सरपंच जोगेंद्र सिंह व कलनौर पंचायत समिति की पूर्व अध्यक्ष सुदेश 50-60 ग्रामीणों के साथ ट्रैक्टर-ट्राॅली में बैठकर आए। जबरदस्ती कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए बाहर निकाल दिया। साथ ही कार्यालय पर ताला लगा दिया। अपनी पचायतों के अनाधिकृत कार्यों काे करवाने का दबाव बनाने लगे। अभद्र भाषा का प्रयोग किया। सोनू ने उसे देख लेने की धमकी दी। कलानौर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के के तहत केस दर्ज किया था।
सरपंचों से गांव वाइज शिकायत सुनी हैं और सभी से अपने-अपने ब्लॉक में शिकायत लिखकर देने के लिए कहा है। मैं खुद जांच करूंगा और उचित कार्रवाई की जाएगी।
अजय कुमार, डीसी