रोहतक। लंबित मांगों को लेकर हरियाणा के हजारों ग्रामीण सफाई कर्मचारी करनाल में आठ अक्तूबर को ललकार रैली और 10 से 12 अक्तूबर तक तीन दिवसीय प्रदेशस्तरीय हड़ताल करेंगें। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन हरियाणा (सीटू) ने चेतावनी दी है कि अगर 12 अक्तूबर तक मांगों का समाधान नहीं होता तो 3 दिवसीय हड़ताल आगे भी जारी रह सकती है।
यह चेतावनी रविवार को प्रभात भवन में ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन की बैठक में दी गई। सीटू जिला सचिव कामरेड विनोद और यूनियन के ब्लॉक प्रधान संदीप लाढोत ने कहा कि 26 हजार रुपये मासिक वेतन, बीडीपीओ के पेरोल पर लेने, 400 की आबादी पर एक कर्मचारी लगाने आदि मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सरकार ग्रामीण सफाई कर्मियों के साथ ज्यादा भेदभाव कर रही है। इस दौरान संगठन के रोहतक ब्लॉक के उप प्रधान विनोद बहु अकबरपुर के आकस्मिक निधन पर मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके दिनेश सिंहपुरा, नरेश, मुकेश, सुमन मकडोली, रोशन, कर्मबीर, तस्वीर, शमशेर, धर्म सिंह, राकेश, रंजीत, सत्यवान, विक्रम प्रमुख तौर पर शामिल रहे।