रोहतक। रोडवेज डिपो को मिलने वाली इलेक्ट्रिक बसों के लिए विभाग ने सभी बसों के रूटों को फाइनल कर दिया है। मुख्यालय को भेजी गई रूटों की लिस्ट पर मुहर लग चुकी है। इनमें इंडस्टि्रयल एरिया से लेकर सभी कॉलेज व विश्वविद्यालयों में यह बसें पहुंचेंगी। न्यू बस स्टैंड पर पुलिस चौकी के पीछे वाले स्थान पर चार्जिंग प्वाइंट स्टेशन का जल्द निर्माण कार्य भी शुरू होने जा रहा है। इसके लिए वन विभाग ने 163 पेड़ों को भी काट दिया है। लगभग सवा तीन एकड़ जगह में इस स्टेशन का निर्माण होगा।
दिसंबर माह में मिलने वाली 50 बसों में रोहतक से महम के लिए 8 बसें, सांपला के लिए 8 बसें, कलानौर के लिए 6 बसें, महिला गर्वमेंट कॉलेज लाखनमाजरा के लिए 6 बसें, महिला गर्वमेंट कॉलेज मोखरा के लिए 2 बसें, सांघी तकनीकी कॉलेज के लिए 2 बसें, न्यू बस स्टैंड से वाया दिल्ली बाईपास पीजीआई के लिए छह बसें, शहर के अन्य लोकल रूट ओर कॉलेज के लिए 6 बसें, पीटीसी सुनारिया के लिए 4 बसें व इंडस्ट्रीयल एरिया व बलियाणा के लिए भी दो बसें निर्धारित की गई हैं। यह सभी बसें सीसीटीवी से लैस होंगी। इनमें स्मोकिंग सेंसर तक काम करेंगे ताकि कोई बस के अंदर बीड़ी व सिगरेट का सेवन न कर सकें। इन बसों में कुछ बसें एसी को कुछ नान एसी बसें भी चलेगी। लेकिन एसी बस में नार्मल किराये से पांच रुपये ज्यादा किराया वसूला जाएगा।
बाक्स
होली के बाद चार्जिंग प्वाइंट स्टेशन निर्माण के लिए लगेगा टेंडर
सभी 50 बसों के चार्जिंग प्वाइंट स्टेशन निर्माण के लिए होली के बाद ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। दिसंबर माह से पहले स्टेशन का निर्माण कर चार्जिंग प्वाइंट स्टेशन का संचालन करने वाली कंपनी को इसे सौंपा जाना है वहीं बसों की देखरेख भी बाहर के मैकेनिक द्वारा की जाएगी। इसके लिए भी अलग से वर्कशाॅप का निर्माण किया जाना है ताकि समय पर सभी प्रक्रिया आसानी से की जा सकें।
वर्जन
रूट लगभग तय कर दिए गए है। दिसंबर माह तक बसेंं भी विभाग को मिल जाएगी। ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द सुविधा मिल सकें। इसमें कुछ बसें एसी तो कुछ नाॅन एसी होंगी।
सुरेंद्र सिवाच, वर्कशाप मैनेजर, रोडवेज डिपो