सीएम से मिलने के लिए अपनी तैयारी करते बच्चे व अभिभावक।
- फोटो : Amar Ujala
माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक।
नियम 134 ए के तहत विद्यार्थियों को स्कूलों में प्रवेश नहीं मिल रहा है। इस कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों का भविष्य अंधकार में बना हुआ है। इसके चलते उनका स्कूलों के बाहर विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में अभिभावकों ने मुख्यमंत्री से मिलने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को शहर के पंडित नेकी राम कॉलेज में पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री नेकी राम कॉलेज में विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन करने के अलावा कुछ अन्य योजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। सीएम के शहर आगमन की सूचना मिलने के बाद अभिभावकों ने स्कूलों के बाहर प्रदर्शन के बजाय मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी समस्या रखने का फैसला लिया। इसके बाद मानसरोवर पार्क में कुछ अभिभावकों ने बच्चों के साथ मिलकर पोस्टर व स्लोगन बनाए। इसके अलावा दोपहर को सीएम से मिलने के लिए अभिभावकों से भी संपर्क किया जा रहा है। अभिभावक संघ के अध्यक्ष यशवंत मलिक ने कहा कि दाखिला नहीं मिलने से आहत अभिभावक अपने विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार को सीएम शहर में आ रहे हैं। इसलिए अभिभावकों ने उनसे मिलने का फैसला किया है। इसकी तैयारी जारी है। दोपहर को मुख्यमंत्री से मुलाकात की जाएगी।