माई सिटी रिपोर्टर
रोहतक।
नियम 134 ए के तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निजी स्कूलों में निशुल्क प्रवेश का रास्ता अभी भी साफ नहीं हुआ है। प्रशासन की ओर से इन बच्चों को 19 जनवरी तक का समय दिया गया है। सभी बच्चों के नाम पोर्टल पर डाले जाने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद भी प्रवेश नहीं मिलने पर दो जमा पांच संगठन अदालत का दरवाजा खटखटाएगा।
मंगलवार को भी बच्चे के अभिभावक दाखिले के लिए दर दर भटकते नजर आए। कुछ अभिभावक अपनी शिकायत लेकर सामाजिक संगठनों के पास भी पहुंचे। फिलहाल प्रशासन में इन सभी अभिभावकों को 19 जनवरी तक का समय दिया है। प्रशासन के मुताबिक, बुधवार शाम तक इन सभी बच्चों के नाम पोर्टल पर दर्ज कर दिए जाएंगे। इससे उनका दाखिला सुनिश्चित हो जाएगा।
दो जमा पांच मुद्दे जन आंदोलन संगठन के जिला अध्यक्ष प्रवीण कलसन ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को स्कूलों में दाखिला दिलाने के लिए अभी भी भटक रहे हैं। ऐसी शिकायतें संगठन के पास आ रही हैं। प्रशासन ने बुधवार शाम तक का समय अभिभावकों को दिया है। इसके बाद भी बच्चों के नाम पोर्टल पर नहीं आते हैं या उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाता है तो संगठन अदालत का दरवाजा खटखटाएगा।