रोहतक। रेलवे से अभी तक ड्राइंग (नक्शा) न मिलने की वजह से फिर कच्चा बेरी रोड रेलवे क्रासिंग पर 176 मीटर का फ्लाईओवर बनाने का काम रुक गया है। नक्शा कब आएगा, इसका किसी के भी पास जवाब नहीं है। कोरोना तो कभी नक्शा के झंझट की वजह से 910 मीटर का फ्लाईओवर तीन साल में भी पूरा नहीं हो सका है। कार्यदायी संस्था का कहना है कि जब नक्शा मिलेगा उसके तीन माह बाद ही निर्माण पूरा हो सकेगा।
रेलवे स्टेशन के नजदीक कच्चा बेरी रेलवे क्रासिंग ट्रेनों के आवागमन की वजह से अक्सर बंद रहती है। जिसकी वजह से जाम के हालात बने रहते हैं। इस समस्या से शहरवासियों को निजात दिलाने के लिए प्रदेश सरकार एलिवेटेड रोड से जोड़ते हुए 910 मीटर लंबा फ्लाईओवर का निर्माण करवा रही है। जनवरी 2019 में 29.70 करोड़़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण शुरू किया गया, जिसको दिसंबर 2020 तक चालू होना था मगर अभी तक बनकर तैयार भी नहीं हो सका है। पहले कोरोना महामारी में मजदूरों के पलायन करने की वजह से निर्माण ठप हुआ और अब रेलवे से ड्राइंग न मिलने की वजह से दो माह से काम बंद पड़ा है। जुलाई 2021 में प्रशासन के हस्तक्षेप पर फ्लाईओवर का रेलवे स्टेशन की तरफ का रास्ता चालू कर दिया गया है। वहीं, दूसरी तरफ रेलवे क्रासिंग पर फ्लाईओवर बनाने का काम दो माह से बंद पड़ा हुआ है, जिसकी वजह रेलवे की तरफ से ड्राइंग बनाकर नहीं देना है। इस ढिलाई की वजह से लोगों को जान जोखिम में डालकर क्रासिंग के दोनों तरफ खोदे गए 12-12 फुट गहरे गड्ढों के अंदर से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
राहुल चहल अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी ने बताया कि रेलवे की तरफ से ड्राइंग नहीं मिली है। ड्राइंग का इंतजार किया जा रहा है। इस कारण काम बंद पड़ा है। रेलवे अधिकारियों से पता चला है कि ड्राइंग का काम प्रॉसेस में है।