रोहतक। कॉलेजों में प्रत्येक विद्यार्थी को दाखिला देने के लिए सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर इनसो ने रोष प्रदर्शन किया। नेकीराम शर्मा कॉलेज के बाहर विद्यार्थियों ने सरकार से 25 प्रतिशत सीटें बढाने की अपील की।
इनसो के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव एवं छात्र नेता मोहित साहू रानीला ने कहा कि कॉलेज में सीटें कम होने के कारण हजारों विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में है। प्रदेश के हजारों काबिल विद्यार्थी शिक्षा से वंचित रह जायेंंगे। भविष्य में इसका असर प्रदेश की उन्नति पर पड़ेगा। हजारों विद्यार्थी दाखिलों से वंचित रहेंगे तो बेेरोजगारी बढ़ेगी। इससे आने वाले समय में हरियाणा अन्य प्रदेशों के मुकाबले शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में पिछड़ जायेगा। छात्र नेता ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द 25 प्रतिशत सीटें बढ़ाकर विद्यार्थियों का दाखिल सुनिश्चित करें ताकि उन्हें दर-दर की ठोकरें ना खानी पड़े। इनसो छात्र संघ विद्यार्थियों के हितों से किसी भी सूरत में कुठाराघात नहीं होने देगा। इस अवसर पर छात्र नेता मोहित साहू रानीला, नवीन शर्मा, अंकित भाली, साहिल देशवाल, उमेश मलिक, गोलू रानीला, शुभम साहू, सचिन, साहिल, मनोज नैन, नान्हा, जोगेन्द्र, संदीप, रवि, मोटा, सचिन, गोनू, साहिल राठी समेत अनेक छात्र-छात्राएं मौजूद रही।