राजस्थान के पांच हजार के इनामी तुशांत उर्फ सूरज को रोहतक सीआईए प्रथम ने 152 डी पर सात माह पहले हुई लूट की वारदात के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पाकिस्तान की सीमा से सटे बीकानेर जिले के कस्बे बज्जू तेजपुरा का रहने वाला है। रविवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए प्रथम प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि दिल्ली के रोहिणी स्थित सेक्टर आठ निवासी सुरेंद्र सिंह बारदाना व्यापारी हैं। साथ ही भिवानी व दादरी में माल सप्लाई का काम करते हैं। 18 जून को सुरेंद्र भिवानी से 2.25 लाख रुपये की पेमेंट लेकर दिल्ली जा रहा था।
शाम करीब 3:55 बजे सुरेन्द्र जब भिवानी की तरफ 152डी के गोल चक्कर के पास पहुंचा तो पीछे से आ रही पिकअप ने कार को टक्कर मारी। पिकअप डाले से उतरे एक युवक ने कार पर अधांधुध फायरिंग कर दी। इसके बाद कार का शीशा तोड़कर बैग उठाकर ले गए। बैग में दो लाख 25 हजार रुपये थे।
सीआईए प्रथम ने मामले की जांच करते हुए पांच आरोपियों को काबू किया था, जिनसे पूछताछ में पता चला कि वारदात में तुशांत उर्फ सूरज निवासी बज्जू तेजपुरा, जिला बीकानेर राजस्थान का भी हाथ है। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी के खिलाफ चोरी व अन्य धाराओं के तहत 13 केस राजस्थान में दर्ज हैं।