रोहतक। रविवार को दिल्ली बाईपास चौक से कार सवार युवकों ने सोनीपत जिले के गांव गढ़वाल के एक युवक को लिफ्ट देकर 88 हजार 500 रुपये लूट लिए। कार्रवाई के नाम पर दो थानों की पुलिस उलझी रही।
पुलिस के मुताबिक दोपहर बाद सूचना मिली कि सोनीपत जिले के गांव गढ़वाल निवासी राजू उर्फ राजकुमार से साढ़े 88 हजार रुपये की लूट हुई। पुलिस अभी जांच कर रही थी कि राजकुमार उर्फ राजू सुखपुरा पुलिस चौकी में पहुंची और लिखित शिकायत दी। पूछताछ में राजू ने बताया कि वह दिल्ली से प्राइवेट गाड़ी में रोहतक आया था। उसके पास पैसे भी थे। गाड़ी से उतरने के बाद एक कार आई, जिसमें उसे युवकों ने लिफ्ट के नाम पर बैठा लिया। इसके बाद रास्ते में मारपीट करके 88 हजार 500 रुपये लूट लिए। साथ ही गोहाना रोड पर वीटा प्लांट के पास कार से उतारकर फरार हो गए।
खंगाले गए सीसीटीवी कैमरे
सुखपुरा चौकी पुरानी सब्जी मंडी थाने के अंतर्गत आती है। थाना पुलिस वीटा प्लांट के पास पहुंची जहां सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसके साथ राजीव चौक स्थित कमरों को खंगाला। आला अधिकारियों तक मामला पहुंचा। आखिर में तय हुआ कि पीजीआईएमएस थाना पुलिस केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
युवक ने लूट की शिकायत दी थी, लेकिन बाद में मामला पीजीआईएमएस थाना एरिया का निकला। अब पीजीआईएमएस थाना पुलिस केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
एसआई कश्मीर सिंह, कार्यकारी थाना प्रभारी पुरानी सब्जी मंडी