फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rohtak News: 33 एमएम बारिश में सड़कें जलमग्न, ओलावृष्टि से सफेद चादर से अटा आधा शहर

Sun, 03 Mar 2024 12:09 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रोहतक
विज्ञापन
विज्ञापन
रोहतक। शनिवार को मौसम ने फिर रंग बदला। पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते शहर और आस पास के क्षेत्र में तेज बारिश के साथ करीब 30 मिनट बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे घर के आंगन ही नहीं, छत व कार्यालय भी बर्फ की सफेद चादर से ढके नजर आए। रोहतक में 33 एमएम बारिश दर्ज की गई। सेक्टरों समेत दर्जनों कॉलोनियों में घंटों जलभराव की स्थिति बनी रही। ओलावृष्टि से सरसों और गेहूं की फसल को नुकसान से किसानों के चेहरे उतर गए। मौसम में बदलाव से ठंडक एक बार फिर लौट आई है।
विज्ञापन

सुबह से ही मौसम परिवर्तनशील रहा। दोपहर दो बजे बजे बादलों ने आसमान को पूरी तरह घेर लिया। तीन बजे बारिश शुरू हो गई। इससे पहले तेज हवा चली। दिल्ली बाईपास और आईएमटी की ओर शहर की तुलना में ज्यादातर ओलावृष्टि हुई। रिकॉर्ड बारिश से शहर के कई हिस्से जलमग्न हो गए। दो पहिया वाहन चालकों के साथ कार चालक भी धक्के मारकर अपने वाहन पानी से निकालते नजर आए। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की जल निकासी की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। एक घंटे की बारिश से सड़कें तालाब में तब्दील हो गई। बारिश से न ही सिर्फ शहर के निचले इलाके बल्कि पॉश इलाके में भी जलभराव रहा। कई जगह जाम के हालात बन गए।

दुकानों में घुसा पानी, लगे बिजली कट
श्रीनगर कॉलोनी और रामनगर के साथ लगता रेलवे अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो गया। लोगों को ओवरब्रिज से घूम कर आना-जाना पड़ा। छोटूराम चौक के कई दुकानों के अंदर पानी चला गया और पानी निकालने के लिए वह बारिश थमने का इंतजार करते रहे। बारिश के दौरान कई बार बिजली कट भी लगे।
विज्ञापन



वर्जन

रोहतक में 20 मिनट हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान का आशंका है। इसकी जांच कराई जाएगी। गेहूं की फसल में कम व सरसों की फसल को ज्यादा नुकसान होने की आशंका है। किसान नुकसान की भरपाई के लिए फसल बीमा योजना के अंतर्गत ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकता है। -डाॅ. कर्मचंद, कृषि उपनिदेशक, कृषि विभाग।

-वर्जन
बारिश अभी हुई है। चार से पांच घंटे में पानी की निकासी कर दी जाएगी। बरसाती पानी निकालने में इतना समय लग ही जाता है।
-फूल सिंह, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग।

-वर्जन

बिजली कट की अभी तक दो शिकायतें सेक्टर-1 हाउसिंग बोर्ड से आईं हैं। शिकायत आने पर तत्काल प्रभाव से समस्या का समाधान किया गया है। बिजली निगम के कर्मचारी मुस्तैद हैं।

- पंकज बख्शी, नोडल अधिकारी, बिजली निगम।




- यहां-यहां हुआ जलभराव
बोहर गांव, सोनीपत रोड, सेक्टर 1 से 4, शीला बाईपास, सुभाष चौक, सोनीपत स्टैंड, आंबेडकर चौक, जिला तहसील, छोटू राम चौक, गोहाना रोड, राहड़ रोड, हिसार बाईपास, भिवानी चुंगी, शिवाजी कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, पुलिस लाइन के पास, पीजीआईएमएस, एमडीयू, मेडिकल मोड, दिल्ली बाईपास चौक, रेलवे रोड, अप्पू घर, बाबा मस्तनाथ स्कूल रोड, पालिका बाजार के दोनों ओर सड़क, किला रोड, रेलवे रोड, महावीर पार्क, सुखपुरा चौक, टीबी अस्पताल इसके अलावा कॉलोनियों में भी पानी भरा रहा।

सेक्टर तीन वासियों ने जलनिकासी की लगाई गुहार

मामूली सी वर्षा होने पर सेक्टर- 03 रोड पर जलभराव हो गया है। सड़क तालाब बनी हुई है। वर्षा जल की निकासी की व्यवस्था नहीं हो रही है। जलभराव की समस्या पिछले 16 से जस की तस है। कॉलोनीवासियों ने समस्या से संबंधित उपायुक्त से मिलने के लिए समय मांगा है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें