रोहतक। भाली गांव के शराब ठेके पास फरवरी में हुई 56 वर्षीय बलराज उर्फ पप्पू की हत्या के आरोप में पुलिस ने फरार चल रहे 25 हजार के इनामी राहुल राठौर उर्फ बंजारा को तीन दिन की रिमांड पर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि उसने समीर के साथ दोस्ती के चलते ही पप्पू की हत्या की थी। पुलिस ने वारदात में प्रयोग कार और हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
बचाव पक्ष के वकील जय हुड्डा ने बताया कि भाली गांव निवासी अजीत ने आठ फरवरी को बहुअकबरपुर थाने में शिकायत दी थी कि शाम करीब पौने सात बजे सूचना मिली कि उसके चाचा बलराज उर्फ पप्पू की शराब ठेके पास किसी ने आठ गोलियां मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच की। जांच में सीआईए टू की टीम ने मृतक के भतीजे समीर और उसके दोस्त बलंबा गांव निवासी राहुल को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि सीढि़यां बनाने को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी हुई थी। इसी के चलते वारदात अंजाम दी गई। जांच में पता चला था कि वारदात में राहुल राठौर उर्फ बंजारा का भी हाथ है। चार अप्रैल को इंदौर में एमपी पुलिस ने राहुल राठौर उर्फ बंजारा को गिरफ्तार कर लिया था। उसके ऊपर 25 हजार का इनाम घोषित था। सूचना पाकर रोहतक पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेने के लिए जिला अदालत में अर्जी दाखिल की थी। अदालत ने इंदौर पुलिस को नोटिस जारी किया था। इसी के चलते वीरवार को इंदौर पुलिस आरोपी को लेकर रोहतक पहुंची। जहां रोहतक की सीआईए टू ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां पांच दिन का रिमांड मांगा। बचाव पक्ष ने इसका विरोध किया। इसके बाद अदालत ने तीन दिन का रिमांड दिया है।
राहुल ने बनाई है अपनी गैंग
वकील ने बताया कि राहुल राठौर की लंबे समय से रोहतक पुलिस को तलाश थी। छात्र राजनीति के चलते नेकीराम कॉलेज में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में भी राहुल का नाम आया था। उसने अपनी गैंग बना रखी थी।
पुलिस ने भगवतीपुर के बलराज उर्फ पप्पू हत्याकांड में आरोपी राहुल राठौर को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। उसका किसी गैंग से कोई संबंध नहीं है। पुलिस आरोपी से वारदात में प्रयोग हथियार और गाड़ी बरामद करने का प्रयास कर रही है।
नवीन जाखड़, प्रभारी सीआईए टू