रोहतक। हिसार रोड पर सोमवार सुबह महम से महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) आ रही निजी बस की चपेट में आने से बड़ाली गांव के 25 वर्षीय युवक अमित की मौत हो गई। अमित के पिता जगबीर सिंह सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी हैं। इस संबंध में बहुअकबरपुर थाना पुलिस जांच कर रही है।
महम हलके के एक नेता की तरफ से समाजसेवा के तौर पर महम हलके से रोहतक के बीच बस चलाई जाती है। हजारों छात्राएं बसों में कॉलेज आती जाती हैं। सोमवार सुबह भी एक बस आ रही थी। हिसार-रोहतक रोड पर बहुअकबरपुर गांव के नजदीक बाइक सवार अमित बस के नीचे आग गया। इससे बाइक बस के नीचे फंस गई और दूर तक घसीटती चली गई। युवक अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीजीआई ले जाया गया, जहां उसे डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर बहुअकबरपुर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर जांच की। सूचना पाकर परिजन भी रोहतक पहुंच गए, लेकिन बस चालक के खिलाफ केस दर्ज नहीं कराया गया है।
दुख की घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ है। फिलहाल चंडीगढ़ विधानसभा सत्र में भाग लेने आया हूं। लौटने के बाद पीड़ित परिवार से मिलूंगा।
बलराज कुंडू, विधायक, महम