संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। स्वामी इंद्रवेश विद्यापीठ टिटोली में चल रहे 19वें चतुर्वेद पारायण महायज्ञ में शामिल हुए भक्तों ने कन्या भ्रूण हत्या, नशाखोरी, अश्लीलता और धार्मिक अंधविश्वास जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। कल्याणी आर्या ने कहा कि आजकल समाज में फैल रहे अश्लील गीत हमारी संस्कृति को दूषित कर रहे हैं। कलाकारों और समाज दोनों की जिम्मेदारी है कि वे ऐसे गीतों को बढ़ावा ने दें जो नैतिकता, संस्कृति और सकारात्मक मूल्यों को हानि पहुंचाए। राष्ट्रीय अध्यक्षा पूनम आर्या ने कहा कि हरियाणा की समृद्ध संस्कृति को खराब करने का प्रयास करने वाले लोगों का समाज को सामूहिक बहिष्कार करना चाहिए। यज्ञ के ब्रह्मा स्वामी वेद प्रकाश ने कहा कि वैदिक मान्यताओं से जुड़कर ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। इस अवसर पर देवी सिंह आर्य, बानबीर कुंडू, कुलदीप कुंडू, जिले सिंह आर्य, रणबीर सांघी व अन्य उपस्थित रहे।