बोहर गांव के नजदीक शादी समारोह से देर रात लौट रहे घिलौड़ के युवक को लिफ्ट देकर वैन सवार चार युवकों ने बैग से मोबाइल और नकदी निकाल ली। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।
घिलौड़ कलां निवासी युगल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 नवंबर की रात को बोहर गांव के नजदीक निजी गार्डन में शादी समारोह के दौरान वेटर का काम कर रहा था। रात करीब डेढ़ बजे पैदल सेक्टर तीन के नजदीक मॉल के पास पहुंचा। वहां उसने एक वैन को इशारा करके रुकवाया। चालक से बस स्टैंड पर छोड़ने के लिए कहा। उसने उसे बैठा लिया। रास्ते में उसके बैग से मोबाइल, चार्जर व 120 रुपये निकाल लिए। उसके बाद चालक ने कहा कि वह गोहाना रोड की तरफ ही जाएगा। इसके बाद गोहाना रोड पर ब्राह्मणवास गांव के पास पुल के ऊपर उतार दिया। पीड़ित ने अब अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज कराया है। संवाद