रोहतक। शहर और दूसरे जिलों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। रोडवेज विद्यार्थियों को सुविधा मुहैया करवाने के लिए शहर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने जा रहा है। इसके लिए 12 मई को ट्रायल किया जाएगा। अभी तक ट्रायल टीम गठित नहीं की गई है। ट्रायल के तीन दिन बाद 15 मई से शहर में बसाें का संचालन शुरू हो जाएगा। इसका फायदा विद्यार्थियों को मिलेगा।
विश्वविद्यालय और कॉलेज के रूट पर दो इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। इसके लिए विभाग के कर्मचारी दो बसों का रूट प्लान तैयार कर चुके हैं। नया बस स्टैंड से विद्यार्थियों को लेकर बस शीला बाईपास, जाट भवन की तरफ से आते हुए शहर के कॉलेज जाने वाले बच्चों को लेते हुए एमडीयू, जाट काॅलेज, नेकीराम कॉलेज और इसके बाद महिला काॅलेज पहुंचेगी। इससे विद्यार्थी आधे किराये में कॉलेज पहुंच पाएंगे, क्योंकि अभी ऑटो वाले 20 रुपये लेते है और बसें चलने के बाद विद्यार्थी 10 रुपये में अपने गंतव्य स्थान पर पहुंच जाएंगे। इन बसों की समय सीमा सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक के लिए निर्धारित की गई है। डिपो पर बसों को चार्ज करने के लिए एक चार्जिंग पॉइंट स्टेशन बन चुका है। शेष चार्जिंग पॉइंट स्टेशन बनाने के लिए बस स्टैंड परिसर से 163 पेडों को काटा जा चुका है। अभी सिर्फ परिसर से पुलिस चौकी को हटाया जाना बाकी है, जैसे ही इसे हटाया जाएगा, उसके तुरंत बाद यहां पर शेष चार्जिंग पॉइंट स्टेशन बनाने का कार्य शुरू हो जाएगा।
एक से दो दिन में ट्रायल टीम गठित हो जाएगी। विद्यार्थी आधे किराये में कॉलेज पहुंच पाएंगे। जिससे विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी। शहर के अन्य लोग भी इस सुविधा का फायदा उठा सकते हैं। सभी के लिए किराया दस रुपये रहेगा।
- कुलदीप, मुख्य निरीक्षक, रोडवेज डिपो