रोहतक। ज्येष्ठ के चौथे मंगलवार के दिन की शुरुआत बादलों और सूरज के बीच लुकाछिपी से शुरू हुई। इससे मौसम में गर्मी से कुछ राहत रही, लेकिन दोपहर होते-होते तेज गर्मी पड़ी। उमस का वातावरण बन गया। सड़कों पर राहगीर पसीना पोछते नजर आए। शाम होते-होते एकबार फिर से बादल छा गए लेकिन हवा न चलने के कारण उमस वाली गर्मी का एहसास हुआ। मंगलवार को अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री और न्यूनतम 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में सामान्य से 2.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य में 2.0 डिग्री का इजाफा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 28 जून से बारिश की संभावना है। इसके साथ बादलवाही जारी रहेगी। तेज धूल भरी आंधी चलने की संभावना है।