-फोटो 55: शहर के पुराना बस स्टेंड में जमा बरसात का पानी।
बहादुरगढ़। बुधवार के बाद वीरवार को भी क्षेत्र में बारिश का दौर रहा। सुबह 6 बजे आई बारिश के कारण विद्यार्थियों को छतरी लेकर स्टैंड पर स्कूल बस का इंतजार करना पड़ा। कई बच्चे भीगते हुए स्कूल पहुंचे। बारिश से जहां गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं, कॉलोनियों व कई स्थानों पर पानी जमा होने से आफत भी खड़ी हो रही है। बुधवार 8 बजे से वीरवार शाम 5 बजे तक क्षेत्र में 22.10 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अधिकारियों की मानें तो 30 अगस्त को भी तेज बारिश की संभावना है।
वीरवार की सुबह हुई बारिश का दौर करीब 9 बजे तक चला, लेकिन यह हल्की रही। इससे शहर की कई कॉलोनियों में पानी जमा हो गया। इससे लोगों को आवागमन करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, बहादुरगढ़ सिटी मेट्रो स्टेशन के पास पुराने बस स्टैंड में काफी मात्रा में पानी जमा हो गया। बारिश होने और मौसम बदलने के बाद लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। मौसम सुहावना बना हुआ है।
अगस्त की शुरुआत से ही बारिश का दौर चल रहा है। कभी बारिश तेज हो रही है तो कभी हल्की। महीने के अंतिम दिन चल रहे हैं। इसमें भी बारिश की झड़ी लगी हुई है। वीरवार की सुबह बारिश हुई। बारिश से कहीं आफत और कहीं राहत हो रही है। बारिश के बाद शहर के महाबीर पार्क, झज्जर रोड पर स्थित सब्जी मंडी, मांडोठी बाजार, बराही फाटक, वत्स कॉलोनी, छोटूराम नगर समेत कई निचली कॉलोनियों में पानी जमा है। पानी की निकासी नहीं होने के कारण लोगों को इस पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। बारिश होने के बाद तापमान भी कम हो गया। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में जगह-जगह पानी जमा होने के बाद अब बरसाती मौसम में बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।