पारा तेजी से ऊपर की ओर बढ़ रहा है। पिछले चार दिन में यह 40 डिग्री से 45 डिग्री पार कर गया है। इस गर्मी में बिजली की खपत भी बढ़ गई है। शनिवार को बिजली की रिकॉर्ड खपत 76 लाख 84 हजार यूनिट को पार कर 82 लाख 40 हजार यूनिट पहुंच गई। यह पिछले साल मई माह की रिकॉर्ड खपत से भी करीब छह लाख यूनिट अधिक है। निगम के लिए इस बढ़ती आपूर्ति को बनाए रखना मुश्किल हो गया है। नतीजतन धड़ाधड़ बिजली कट लग रहे हैं।
झुलसाती गर्मी में चढ़ता पारा लोगों के पसीने छुड़ा रहा है। ऐसे में पंखे, कूलर व एसी का इस्तेमाल बढ़ गया है। नतीजतन बिजली खपत भी बढ़ गई है। इस खपत की आपूर्ति के लिए बिजली निगम को कट लगाने पड़ रहे हैं। हालात ये हैं कि दिन-रात 10 से 35 मिनट तक के कट लग रहे हैं। इनमें कुछ कट एक से तीन घंटे के होते हैं। इन कटों ने रात के समय लोगों का सोना तक मुश्किल कर दिया है। गर्मी में पंखे-कूलर बगैर लोगों की हालत खराब होने लगी है। बिजली किल्लत के गहराने से आहत लोग अब सड़क पर उतर आए हैं। इसके चलते जाम लगाने तक को विवश हैं।
यहां है ज्यादा समस्या
शहर की दुर्गा काॅलोनी, सुभाष चौक, डीएलएफ कॉलोनी, तिलक नगर, देव कॉलोनी, झज्जर रोड, जनता कॉलोनी, कमला नगर, कृपाल नगर, देव काॅलोनी, बोहर गांव, मॉडल टाउन, सेक्टर-1, ओल्ड हाउसिंग बोर्ड और हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी इलाकों में बिजली किल्लत गहराई हुई है। यहां कभी फाल्ट तो कभी जंफर उड़ने या ट्रांसफार्मर जलने की शिकायतें आती रहती हैं।
एचवीपीएनएल पर फॉल्ट आने की वजह से बिजली सप्लाई बाधित हो गई थी। अब फॉल्ट को ठीक कर दिया गया है। अब लोगों को किसी तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी। - रामेंद्र मलिक, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम।