रोहतक पीजीआई की ओपीडी के बाहर 11 से 2 बजे तक धरना देते एमबीबीएस के विद्यार्थी।
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
हरियाणा में बॉन्ड पॉलिसी को लेकर रोहतक पीजीआई में एमबीबीएस विद्यार्थियों की चल रही हड़ताल को देर रात बड़ा झटका लगा। अब तक विद्यार्थियों की ढाल साबित होती आ रही आरडीए (रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन) ने गुरुवार रात आम सभा की बैठक में हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने का फैसला लिया है। इससे विद्यार्थी संघर्ष के मैदान में अकेले खड़े रहा गए हैं।
गुरुवार को दिनभर आरडीए और विद्यार्थियों के बीच हड़ताल को लेकर उहापोह की स्थिति बनी रही। इस मामले बुधवार को मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद से ही परिस्थितियां गड़बड़ाती नजर आ रही थी। इसके चलते बैठकों का दौर भी चला। अंत में शाम को आम सभा में एसोसिएशन ने संघर्ष के दौर में अपने जूनियर विद्यार्थियों का हाथ छोड़ कर काम पर लौटने का फैसला लिया।
पत्र।
इस फैसले को लेकर एसोसिएशन की ओर से किसी पदाधिकारी ने बात नहीं की है। सोशल मिडिया पर एसोसिएशन की ओर से जवाब के रूप में एक पत्र डाला गया है। इसके मुताबिक, एसोसिएशन के सदस्य सुबह से काम करेंगे। हालांकि दो दिन से दबाव में नजर आ रही एसोसिएशन के ज्यादतर सदस्य पहले ही काम पर लौट चुके हैं। ऐसे में अब विद्यार्थियों को अपनी लड़ाई खुद ही लड़नी होगी।