राजीव गांधी स्टेडियम रोड पर दुकानें पर नोटिस चस्पा होने के बाद एकत्रित दुकानदार।
रोहतक। नए बस स्टैंड के नजदीक सेक्टर-6 में राजीव गांधी स्टेडियम रोड की 12 दुकानों को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से तोड़ा जाएगा। इसके लिए वीरवार शाम को दुकानों पर नोटिस चस्पा किए गए। वहीं, दुकान मालिक इसका विरोध कर रहे हैं। वह शुक्रवार को इस्टेट ऑफिसर से मिलकर अपनी आपत्ति दर्ज कराएंगे।
दुकान मालिक नवीन कुमार व अन्य ने बताया कि राजीव गांधी स्टेडियम की ओर जाने वाले मार्ग पर 12 लोगों की दुकानें हैं। इसके लिए विभाग की ओर से जमीन 2008 में रिलीज की गई थी। उनकी जमीन सड़क की पश्चिम दिशा में है, सभी ने वहीं पर दुकानें बनाई हैं, जबकि विभाग पूर्वी दिशा में बता रहा है। मामले को लेकर स्थानीय अदालत में केस चल रहा है। इसको लेकर स्टे भी मिल चुकी है। वीरवार शाम को अचानक एस्टेट ऑफिसर की ओर से दुकानों पर नोटिस चस्पा कर दिया गया। नोटिस में कहा गया कि निर्माण अवैध तरीके से किया गया है। अवैध निर्माण व अतिक्रमण दो दिन में हटा लें, नहीं तो विभाग हटाएगा। साथ ही संबंधित लोगों से हर्जाना व खर्च वसूल किया जाएगा।