रोहतक। रेलवे स्टेशन रोहतक पर 29 करोड़ रुपये की लागत से नए भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। इसके चलते बुकिंग कार्यालय को एक हफ्ते बाद रेलवे आरक्षण केंद्र के पास शिफ्ट किया जाएगा। रेलवे स्टेशन का करीब 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। निर्माण कार्य को पूरा होने में एक साल का समय लगेगा। बुकिंग कार्यालय के शिफ्ट होने के बाद लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र में जल्दी ही भीड़ बढ़ जाएगी। इससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। आरक्षण केंद्र में पहले से ही भीड़ रहती है। बुकिंग कार्यालय में भी कमोबेश यही हाल होता है। रेलवे स्टेशन पर हर रोज हजारों की संख्या में लोग टिकट बुक कराते हैं। इसमें तत्काल टिकट बुक कराने के लिए लोग ज्यादा आते हैं। अब बुकिंग कार्यालय भी वहीं पर होगा तो इससे लोगों की परेशानी ज्यादा बढ़ जाएगी। 18वीं शताब्दी में तैयार रेलवे स्टेशन आज जंक्शन बना हुआ हैं। यहां से रोजाना 30 हजार यात्री सफर करते हैं। यहां से हर रोज 80 से ज्यादा एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें गुजरती हैं। इसी के साथ रेलवे स्टेशन पर स्थित तीनों एटीएम मशीन को भी शिफ्ट किया जाएगा।
वर्जन
कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा हैं। इसलिए बुकिंग कार्यालय को शिफ्ट किया जाएगा। व्यवस्था नहीं बिगड़ने दी जाएगी। कोशिश रहेगी कि लोगों को किसी समस्या का सामना न करना पड़े।
बलराम मीणा, स्टेशन अधीक्षक, रेलवे स्टेशन।