रोहतक। शहर के लाढ़ोत रोड पर स्थित जूतों के गोदाम पर जूतों की नामी कंपनियों के नकली जूते शहर में सप्लाई किए जा रहे थे। नोएडा से आई कंपनी के अधिकारियों ने पुलिस को साथ लेकर दबिश दी और तीन कंपनियों के नाम से बने ढाई हजार जोड़े जूते बरामद किए। इस संबंध में पुरानी सब्जी मंडी थाने में फरमाणा गांव के युवक पवन के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नोएडा की सेक्टर 137 स्थित कंपनी के अधिकारी नरेंद्र सिंह ने दी शिकायत में बताया कि सूचना मिली थी कि रोहतक में उनकी कंपनी के नाम से नकली जूते बनाकर बेचे जा रहे हैं। जांच की तो पता चला माल लाढ़ोत रोड स्थित गोदाम से सप्लाई किया जा रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों के साथ मिलकर लाढ़ोत रोड स्थित गोदाम पर दबिश दी। मौके पर रामगोपाल कॉलोनी निवासी रमेश व शास्त्री नगर निवासी पिंकी मिली। उन्होंने बताया कि यह गोदाम पवन निवासी फरमाना का है, जो बाहर गया हुआ है। पुलिस ने जांच की तो 66 बोरे मिले, हर बोरे में 40 जोड़े जूते थे। पुलिस ने माल को सील बंद कर आरोपी पवन के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।