रोहतक। साइबर ठगी की वारदात नहीं थम रही हैं। सुनारिया चौक के युवक के खाते से 72 हजार और कृपाल नगर की युवती से 80 हजार रुपये ठग लिए। जबकि इस संबंध में पुरानी सब्जी मंडी व शिवाजी कॉलोनी थाने में केस दर्ज किए गए हैं।
पुलिस को दी शिकायत में सुनारिया चौक के नजदीक बाल्टी फैक्टरी के नजदीक रहने वाले उमेश तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह मूलरूप से बिहार के सिवान जिले के गांव शैदपुरा का रहने वाला है। एक नंबर को उसने पेटीएम का गूगल पर हेल्पलाइन नंबर सर्च किया। उसने कॉल की तो नंबर एक दम कट गया। दोबारा व्हाट्सअप नंबर पर कॉल आई। कहा कि आपके एक एप डाउनलोड करनी होगी। उसने विश्वास करके एनी हेल्प डेस्क एप डाउनलोड कर ली। इसके बाद खाते से 72 हजार 447 रुपये निकल गए।
एलआईसी पूरी होने के नाम पर ठगी
वहीं, कृपाल नगर निवासी निधि ने पुलिस को बताया कि 26 अक्तूबर को उसके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि आपके पिता की एलआईसी की पॉलिसी पूरी हो गई है। राशि को बैंक अकाउंट में डालने के लिए बोला है। आरोपी ने 25 हजार रुपये का फर्जी मैसेज भेज दिया। इसके बाद 50-50 हजार रुपये के दो अन्य मैसेज भेजे। आरोपी बोला, गलती से 5 हजार की जगह 50 हजार लिखा गया। पांच हजार रखकर 95 हजार रुपये वापस भेज दीजिए। उसने विश्वास करके 80 हजार रुपये भेज दिए। बाद में पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। खाते में केवल तीन हजार रुपये बचे थे।