झज्जर। मुख्य सचिव हरियाणा सरकार टीवीएसएन प्रसाद और मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा अनुराग अग्रवाल ने वीसी के माध्यम से जिला प्रशासन के साथ चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शक्ति सिंह ने शनिवार को लघु सचिवालय सभागार में सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों व अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ चुनाव प्रक्रिया की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की।
डीसी ने अधिकारियों से कहा कि चुनावी कार्य करने से पहले अधिकारी नियमों का अच्छी तरह से अध्ययन कर लें। निर्वाचन आयोग द्वारा तय की गई समय सीमा में कार्य पूरा करते हुए समय पर रिपोर्ट भेजें। जहां रिहर्सल की जरूरत है, वहां रिहर्सल जरूर करें। डीसी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र व निष्पक्ष ढंग से पूरा कराने के लिए आदर्श आचार संहिता लागू की जा चुकी हैं। निगरानी टीमें सातों दिन 24 घंटे काम कर रही है। कानून व्यवस्था को बेहतर तरीके से बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी सहायक निर्वाचन अधिकारी अपने अपने स्तर पर सभी मतदान बूथों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था को जांच लें। डीसी ने कहा कि ऐसे युवक-युवती जिन्होंने अभी तक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं करवाया है और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं ऐसे सभी युवाओं को वोट बनवाने के लिए प्रेरित करें। बैठक में सीटीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शीतल, एसडीएम एवं एआरओ बादली सतीश यादव, एसडीएम एवं एआरओ झज्जर रविंद्र यादव, एसडीएम एवं एआरओ बेरी रविंद्र मलिक, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, निर्वाचन नायब तहसीलदार सुरेंद्र मौजूद रहे।