रोहतक। भिवानी रोड स्थित अखिल भारतीय किन्नर (मंगलामुखी) सम्मेलन में आयोजित 10 दिवसीय महायज्ञ के 7वें दिन शोभायात्रा का आयोजन किया जा रहा है। प्रात 12 बजे होटल से पांच रथ पर सवार होकर मंगलामुखी समाज दुर्गा भवन मंदिर की ओर निकलेगी और मंदिर में विधि विधान से भगवान शिव को घंटा अर्पित किया जाएगा। मीडिया प्रभारी सुनील तंवर ने बताया कि यात्रा एक मंगलामुखी समाज की बारात के रूप में निकाली जाएगी। सबसे आगे मंगलामुखी समाज की ईस्ट देवी बहुचरा माता की प्रतिमा मौजूद रहेगी।
महायज्ञ के छठे दिन रविवार को भात भराई की रस्म निभाई गई। मंगलामुखी समाज सुबह से ही तैयारियों में जुटा रहा। अखिल भारतीय किन्नर महासम्मेलन में उत्तर प्रदेश के थाना भवन से आई पिंकी नायक ने अपनी बहन लिली किन्नर की भात भराई की रस्म रीति रिवाज और धूमधाम से मनाई। शोभायात्रा में शामिल होने के लिए देहरादून और उत्तराखंड से रविवार दोपहर में लगभग 90 मंगलामुखी महासम्मेलन में शामिल हुए।