नेशनल हाईवे-152 डी पर वीरवार को पुलिस ने ट्रक से नशीले पदार्थ से भरा एक कट्टा बरामद किया है। इसमें 4 किलो 368 ग्राम चूरा पोस्त मिला है।
पुलिस ने बताया कि नशीले पदार्थ की रोकथाम के लिए हिसार-दिल्ली रोड स्थित गांव खरकड़ा के पास टीम मौजूद थी। सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-152 डी स्थित ढाबे पर खड़े ट्रक में नशीला पदार्थ रखा गया है। उसे पंजाब के लिए ले जाया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर जाकर ट्रक की तलाशी ली। इसमें सीट के नीचे से एक सफेद कट्टा बरामद हुआ। इसकी जांच की गई तो उसमें चूरा पोस्त था। वजन करने पर 4 किलो 368 ग्राम हुआ। पुलिस ने पंजाब के मोहाली जिले के बरौली निवासी नेत्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है।