झज्जर। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस के चुनाव नोडल अधिकारी एसीपी शमशेर सिंह ने पुलिस कार्यालय झज्जर में तैनात सभी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हमारी प्राथमिकता स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना है, इसलिए पोलिंग बूथों एवं ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी के दौरान निष्पक्षता के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि मतदान केन्द्रों के आसपास भीड़ एकत्रित न होने दें।
अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्र के अंदर किसी को भी मोबाइल फोन व अन्य प्रतिबंधित वस्तु न ले जाने दे। अगर कोई व्यक्ति चुनाव के दौरान किसी प्रकार की रुकावट डालता है तो उसके खिलाफ उचित कानून कार्रवाई के लिए अपने उच्च अधिकारियों को तुरंत सूचित करें। चुनाव ड्यूटी में लगे सिविल डिपार्टमेंट के कर्मचारियों का पूरा सहयोग करें। अपने प्रेजेंटिंग ऑफिसर, नोडल अधिकारी, थाना प्रबंधक का मोबाइल नंबर अपने पास जरूर रखें ताकि मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना के संबंध में संबंधित थाना प्रभारी व उच्चाधिकारी को फोन के माध्यम से तुरंत सूचित किया जा सके। चुनाव के दौरान किसी के साथ भी अभद्र भाषा का प्रयोग ना करें। अपनी ड्यूटी को पूरी ईमानदारी और पूर्ण निष्ठा से करें।