शहर के सेक्टर-14 में निवासी आरएन सिनेमा के संचालक सुरेश शर्मा और उनकी पत्नी निर्मला शर्मा को दूध में नशीला पदार्थ देकर घर से 75 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस आरोपी नौकरानी और उसके साथियो की धरपकड़ के लिए अब नेपाल जाएगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घर से लाखों रुपये चोरी करने वाली नौकरानी के अलावा चार अन्य लोग भी वारदात में शामिल हैं।
शर्मा दपंती के घर से लाखों रुपये का माल लेकर गायब हुई नौकरानी फिलहाल पुलिस के लिए पहेली बनी हुई है। आरोपियों को ट्रैक करने के लिए पुलिस को एक कड़ी डिजिटल घड़ी के रूप में मिली थी। यह भी ऑफिसर कॉलोनी के पार्क में मिली। इससे यह कड़ी टूट गई है। शायद वारदात को अंजाम देने वालों को इस बात का अहसास हो गया था कि डिजिटल घड़ी साथ ले जाने से वे पकड़ में आ सकते हैं। इसलिए आरोपी घड़ी को पार्क में छोड़ गए।
पुलिस अन्य कड़ियां जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला के साथ चार अन्य आरोपी भी थे। इन पांच लोगों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद इनके नेपाल में जाकर छिपने की आशंका है। ऐसे में पुलिस नेपाल जाकर आरापियों को तलाश करेगी।
एजेंट नरेंद्र से पूछताछ में कुछ नहीं लगा हाथ...
एजेंटे नरेंद्र से पूछताछ में पुलिस को कोई खास सबूत हाथ नहीं लगे हैं। एजेंट खुद इस वारदात में ठगा महसूस कर रहा है। क्योंकि वही, कल्पना को काम के लिए यहां लाया था। जबकि उसके पास किसी अन्य ने इस महिला को भेजा था। महिला का भाई बताया जा रहा युवक उसे छोड़कर जाता था। ऐसे में पुलिस को अब दो नए लोगों की भी तलाश है। इसमें महिला का भाई व उसे भेजने वाला दूसरा एजेंट। इनकी तलाश में भी पुलिस टीम जुटी हुई है।
यह है मामला
सेक्टर-14 निवासी निर्मला शर्मा और उनके पति सुरेश शर्मा को दूध में नशा देकर नौकरानी शुक्रवार की रात घर से 65 लाख रुपये के जेवर और 10 लाख रुपये की नकदी ले उड़ी थी। नशीले पदार्थ के कारण शर्मा दंपती करीब साढ़े 16 घंटे बेहोश रहे। वारदात के बाद आरोपी उनके मुंह व शरीर गंदे कंबल से लपेट गए थे। शनिवार को वारदात का पता चलने के बाद पुलिस ने इस मामले में नेपाल की महिला समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। तभी से आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
वर्जन:
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। महिला का सुराग लगाने के लिए टीम काम कर रही है। वारदात पांच लोगों ने की है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
- सतीश नांदल, प्रभारी, एवीटी टीम।