महम। निंदाना निवासी एवं शुगर मिल के रिटायर्ड कर्मचारी सूरजमल से मारपीट के मामले में पुलिस ने शहर के सीसीटीवी खंगाले हैं। थाना प्रभारी सत्यपाल का कहना है कि मामले में सच्चाई जानने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के सीसीटीवी फुटेज जुटाई जा रही है।जो भी सामने निकलकर आएगा उसके अनुसार अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह है मामला
शुगर मिल के रिटायर्ड कर्मचारी सूरजमल नहरा ने लगभग दो माह पहले उसके निंदाना वाले मकान में रखी तूड़ी चोरी का आरोप लगाते हुए महम थाने में शिकायत दी थी। उसकी जांच के लिए महम थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया था, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। उसके बाद शाम को सूरजमल नहरा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि थाने से निकलते ही उस पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने गांव के ही पूर्व सरपंच नरेश व संजीव के खिलाफ मामला दर्ज किया था।