रोहतक। पुलिस प्रशासन ने गांव व वार्डों के अंदर 300 सुरक्षा प्रहरी नियुक्त किए हैं। इसमें 150 वार्ड और ग्राम प्रहरी व 150 सहायक प्रहरी तौर पर काम करेंगे, जो पुलिस के आला अधिकारियों को सीधे रिपोर्ट करेंगे। साथ ही उनके पास हर वार्ड और गांव का डाटा अपडेट रहेगा। सोमवार को एसपी हिमांशु गर्ग ने जवानों की जिला विकास भवन के सभागार में जवानों संग बैठक की। साथ में एएसपी मेधा भूषण भी मौजूद रही।
एसपी ने कहा कि विशेष नीति के तहत पुलिस की ग्राम और वार्ड प्रहरी योजना को लागू किया गया है। सुरक्षा प्रहरी के पास गांव व वार्ड की जनसंख्या, पुरुष व महिलाएं, बच्चे, युवा, वरिष्ठ नागरिक, मकानों की संख्या, थाने से दूरी, क्षेत्रफल, सरपंच व वार्ड पार्षद, पंच, नंबरदार, चौकीदार व आशा वर्कर की जानकारी होनी चाहिए। यह डाटा प्रशासन के सहयोग से दिया जाएगा। साथ ही यह भी ब्योरा रखना होगा कि वार्ड या गांव में कितने सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थान, अखाड़े, होटल व ढाबे हैं। कहां-कहां पर वार्ड व ग्राम में सीसीटीवी कैमरा लगा है। ताकि वारदात होते ही तुरंत फुटेज मिल सके। साथ ही पीओ व बेल जंपर का रिकार्ड भी रखना होगा। यह भी नजर रखनी होगी कौन गैर सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि संबंधित पर्यवेक्षण अधिकारी भी समय-समय पर अपने-अपने क्षेत्राधिकार में पड़ने वाले गांव व वार्ड में नियुक्त ग्राम और वार्ड प्रहरी का मार्ग दर्शन करेंगे।