बहादुरगढ़। नेशनल हाइवे पर गांव रोहद में सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मंगलवार को पीजीआईएमएस रोहतक में शव का पोस्टमार्टम कराया। परिचितों के बयान पर इस संबंध में तेज रफ्तार कार चालक पर आसौदा थाने में केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच की जा रही है।
सोमवार की शाम को बहादुरगढ़ की तरफ से एक कार रोहतक की ओर जा रही थी। गाड़ी की गति अधिक थी और जब रोहद में मांडोठी मोड़ के सामने वह पहुंची तो आगे चल रहे एक गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सामने गाड़ी की बॉडी उखड़कर कर दूर जा गिरी। दुर्घटनावश वहां से गुजर रहा एक स्कूटी सवार व्यक्ति उस बॉडी की चपेट में आ गया। इधर, कार भी डिवाइडर पर जाकर पलट गई। राहगीरों ने तीनों वाहनों के चालकों को संभाला। स्कूटी सवार की हालत गंभीर थी। उसे पीजीआई रोहतक ले जाया गया। जहां देर शाम को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर आसौदा थाने से पुलिस पीजीआईएमएस पहुंची और परिजनों के बयान लिए। बयान के बाद मंगलवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। मृतक की पहचान करीब 43 वर्षीय पवन के रूप में हुई है। वह छुछकवास गांव का रहने वाला था। सोमवार की शाम को वह स्कूटी लेकर बहादुरगढ़ से रोहतक की ओर जा रहा था। इसी दौरान रोहद में हादसे का शिकार हो गया। मृतक पवन के दोस्त धीरज ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है।