रोहतक। शहर में पिछले चार दिन से पानी की सप्लाई एक समय आने व कुछ कॉलोनियों में लाइट न आने की वजह से एक समय भी पानी न मिलने से पेयजल संकट गहराया हुआ है। क्योंकि नहरबंदी होने के कारण वार्डों में पानी की समस्या बनी हुई है। वहीं कन्हैली रोड पर लगे हैंडपंप से आंबेडकर कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड व कन्हैली के लोग पानी भरने आते हैं। पानी की किल्लत इतनी बढ़ गई है कि छोटे बच्चे भी बर्तनों में पानी ढोने को मजबूर हैं। विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पा रहा है।
वार्ड-19 टेक नगर के राज मोहल्ला में जनस्वास्थ्य विभाग ने पाइपलाइन बिछाई थी, लेकिन पाइपलाइन अधूरी छोड़ने से 30 से ज्यादा घरों को एक समय भी पानी की सप्लाई नहीं पहुंच रही है। इसके लिए आमजन विभाग के कार्यकारी अभियंता समेत पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर से भी मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन एक माह बाद भी समस्या का समाधान नहीं। वहीं ज्यादातर घरों में लोग टैंकरों से पानी की आपूर्ति पूरी कर रहे हैं। विभाग की तरफ से भी पानी के टैंकर न भिजवाने से आमजन की जेब पर आर्थिक प्रभाव पड़ रहा है। विभाग की लापरवाही के कारण आमजन 400 रुपये में टैंकर मंगवाने पर मजबूर है।
इन कॉलोनियों में बनी पेयजल समस्या
लक्ष्मी नगर, छाेटूराम नगर, राजीव नगर, प्रीत विहार, कन्हैली, शिवाजी कॉलोनी, रामनगर, जगदीश कॉलोनी, पुराना हाउसिंग बोर्ड, पुराना शहर, देव कॉलोनी, विशाल नगर, जनता कॉलोनी, सुनारियां चौक समेत शहर की अन्य कॉलोनियों में भी समस्या बनी हुई है।
आमजन से बातचीत
-यह समस्या आज से नहीं, पिछले काफी समय से बनी हुई है, लेकिन विभाग का इस तरफ ध्यान न होने से यहां का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। न ही विभाग की तरफ से पानी के टैंकर भिजवाए जा रहे हैं।
- जसबीर सिंह, हाउसिंग बोर्ड।
आंबेडकर कॉलोनी में कभी पानी आता है तो कभी प्रेशर न होने की वजह से छत पर बनीं टंकियों में नहीं चढ़ पाता है। लाइट न होने की वजह से भी एक समय 10 मिनट आने वाला पानी भी नहीं मिल पाता है। - सुधीर, आंबेडकर कॉलोनी।
कभी-कभार पानी साफ आता है तो कभी दूषित सप्लाई आती है। इससे घरों में लगे नल तक खराब हो जाते हैं, लेकिन विभाग इसका स्थायी समाधान नहीं कर रहा है। इससे समस्या बढ़ती ही जा रही है। सुमित्रा, लक्ष्मी नगर
वर्जन
नहरबंदी का समय ज्यादा होने के कारण यह समस्या बनी हुई है। फिलहाल एक समय ही पानी दिया जा रहा है। आमजन से अपील भी है कि सर्दी में पानी का कम प्रयोग करें ताकि अन्य लोगों को भी पानी मिल सके। 4 जनवरी से दोनों समय सप्लाई दी जाएगी।
- राजेश कुमार, एसडीओ, जनस्वास्थ्य व अभियांत्रिकी विभाग।