23सीटीके43...पीजीआई आपातकालीन विभाग में मरिजों की जांच करते चिकित्सक। संवाद
रोहतक। गर्मी की तपिश से राहत के बावजूद मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। पीजीआईएमएस की ओपीडी साप्ताहिक अवकाश होने के कारण रविवार को बंद रही। इसके कारण मरीज जांच कराने आपातकालीन विभाग पहुंचे। इसमें ज्यादातर मरीज तेज बुखार और शरीर में पानी की कमी से पीड़ित थे।
रविवार को पीजीआईएमएस के आपातकालीन विभाग पूरी तरह मरीजों और उनके तीमारदारों से भरा रहा। आपातकालीन विभाग में कार्ड बनाने के बाद मरीज कमरा नंबर तीन पहुंचे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांचकर कमजोरी, उल्टी दस्त व शरीर में पानी की समस्या के मरीजों को करीब 4 से छह घंटे भर्ती रखकर उनका इलाज किया। शरीर में पानी की कमी और डायरिया के लक्षण के मरीजों को ग्लूकोज चढ़ाया। रविवार को करीब 400 मरीजों ने आपातकालीन विभाग का रूख किया। मरीज के भर्ती होने के बाद तीमारदार औषधालय हॉल में फर्श बैठकर इंतजार किया।
मौसमी बीमारी के मरीज ही ज्यादातर आ रहे हैं। ऐसी भीषण गर्मी में पर्याप्त मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। कई बार काम की व्यस्तता के कारण लोग समय पर पानी का सेवन करने में देरी कर देते हैं। ऐसे में शरीर में पानी की मात्रा कम हो जाती है और शरीर डिहाइड्रेशन का शिकार हो जाता है। इससे शरीर में कमजोरी आ जाती है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की जरूरत है।
डॉ. प्रियंका, डीएमएस, पीजीआईएमएस