रोहतक। मौसम में गर्माहट बरकरार है। मानसून आने के बाद भी गर्मी और उमस लोगों के पसीने छुड़ा रहा है। सोमवार सुबह से ही गर्मी ने अपना एहसास कराना शुरू कर दिया। धूप से बचने के लिए लोग स्वयं व अपनों को धूप से बचाने के लिए छाता का प्रयोग करते नजर आए। वहीं मौसम विभाग ने 12 जुलाई से मानसून की सक्रियता एक बार फिर से बढ़ने की संभावना जताई है। साथ ही 9 जुलाई से 11 जुलाई के दौरान मानसूनी हवा की सक्रियता में थोड़ी कमी आने की संभावना है। इस बीच आंशिक बादल छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। वहीं हवा में बदलाव से दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने और वातावरण में नमी की मात्रा में गिरावट रह सकती है। शुक्रवार से एकबार फिर हवा व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सोमवार को अधिकतम तापमान 32.9 और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।