रोहतक। शादियों का सीजन 24 नवंबर से 18 दिसंबर तक रहेगा, जिसके चलते लोग बाजारों में जमकर खरीदारी कर रहे हैं। आलम यह है कि रोहतक के बाजारों में दूसरे जिलों से भी लोग अपने वाहनों में सवार होकर आ रहे हैं, लेकिन पार्किंग के अभाव में उनको परेशान होना पड़ा है। नगर निगम की एलिवेटेड रोड स्थित महाराजा अग्रसेन पार्किंग जहां फुल रहती है, दूसरी तरफ शहीद भगत सिंह पार्किंग पहले की तरह बदहाल हो गई है।
दो दशक से शहर में पार्किंग की समस्या है। खासकर पुराने शहर में तंग बाजार हैं। दिवाली के बाद अब शादियों का सीजन शुरू हो गया है। शुक्रवार से शादियों का सीजन शुरू हो गया है, जो दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक चलेगा। प्रदेश की सबसे बड़ी कपड़ा मार्केट रोहतक में ही है, जहां मुंबई, दिल्ली, सूरत, भीलवाड़ा, जयपुर व सर्दी में लुधियाना तक से कपड़ा आता है। यहां से प्रदेश के अलावा पंजाब, राजस्थान, दिल्ली तक के थोक कपड़ा व्यापारी माल लेकर जाते हैं। ऐसे में शौरी मार्केट में थोक की दुकानें भी फुटकर दुकानों के बराबर हैं। वहीं, किला रोड, डी पार्क, गांधी कैंप बाजार में भी भीड़ देखी जा रही है। साथ ही आभूषण बाजार में भी रौनक बरकरार है, लेकिन पार्किंग के अभाव में बाहर से आने व स्थानीय वाहन मालिक परेशान रहते हैं।
सुबह 11 बजे ही लग जाता है पार्किंग फुल का बोर्ड
नगर निगम की ऐलिवेटेड रोड पर दुर्गा भवन के सामने पार्किंग हैं, जहां हर रोज सुबह 11 बजे ही पार्किंग फुल का बोर्ड लग जाता है। एक कर्मचारी ने बताया कि यहां पर 250 के करीब कार ही खड़ी हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को मना करना पड़ता है। वाहन मालिक पार्किंग के बाहर सड़क पर ही कार खड़ी करके चले जाते हैं। इससे जाम की स्थिति बन जाती है। एक दिन पहले पुलिस ने चार गाड़ियों के न केवल चालान काटे, बल्कि क्रेन से उठाकर ले गई। साथ ही पार्किंग के बाहर एक पुलिसकर्मी की भी ड्यूटी लगाई गई है।
प्रदेश की सबसे बड़ा कपड़ा मार्केट शहर में है, लेकिन स्थायी पार्किंग नहीं है। दुर्गा भवन के सामने जो पार्किंग बनी है, उसमें प्रर्याप्त जगह नहीं है। दुकानदार अपनी गाड़ी लेकर नहीं आते। प्रशासन समस्या का स्थायी समाधान करें।
गुलशन ईशपुनियानी, प्रधान शौरी मार्केट
भगत सिंह पार्किंग पहले की तरह बदहाल हो गई है। अंडरग्राउंड एरिया में बदबू मारती रहती है। सही ढंग से स्लैब नहीं बनाए गए हैं। ग्राउंड फ्लोर पर दिवाली के बाद पुलिसकर्मी तैनात नहीं है। इस कारण लोग सड़क के बीचों-बीच दोपहिया वाहन खड़े कर देते हैं। अब तो बाजार के दोनों तरफ बेरिकेड्स लगे होने के कारण बाजार को राहत है।
दीपक पुनियानी, उप प्रधान किला रोड मार्केट एसोसिएशन
नगर निगम के पास जो पार्किंग उपलब्ध है, उसी से काम चलाना होगा। अस्थाई पार्किंग में सुरक्षा उपलब्ध होनी चाहिए। ताकि वाहन चालक बेहिचक अपने वाहन खड़े कर सकें।
मनमोहन गोयल, मेयर नगर निगम
सड़क पर किसी को चार पहिया वाहन नहीं खड़ा करने दिया जाएगा। अग्रसेन पार्किंग के बाहर पुलिसकर्मी तैनात रहता है, ताकि सड़क पर वाहन खड़ा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने एक दिन पहले पार्किंग के बाहर अवैध तरीके से खड़े वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
इंस्पेक्टर वीरेंद्र, प्रभारी ट्रैफिक थाना पश्चिम जोन