रोहतक। रिठाल नरवाल में युवती की मौत की जांच आगे बढ़ने के साथ नए मोड़ आ रहे हैं। रोहतक पुलिस युवती के पति के साथ मारपीट मामले में मतलौडा थाने में दर्ज एफआईआर का भी अध्ययन कर रही है।
साथ ही पानीपत पुलिस अवैध हथियार सहित गिरफ्तार गांव के युवक मनीष उर्फ मोनू को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर जांच में शामिल करना चाहती है। जांच अधिकारी रमेश कुमार का कहना है कि जल्द अदालत में प्रोडक्शन वारंट के लिए अर्जी दी जाएगी।
पानीपत पुलिस के रिकाॅर्ड के मुताबिक मतलौडा के युवक ने शिकायत दी थी कि 10 फरवरी 2023 में उसकी शादी रिठाल नरवाल गांव की युवती से हुई थी। उसकी पत्नी मर्जी से घर का कागकाज करती थी। साथ ही परिवार की बातें फोन पर घरवालों को बताती थी। मना करने पर झगड़ा करती थी। 18 मार्च को उसकी पत्नी ने उसे चाऊमीन लेने के लिए दुकान पर भेज दिया। जब वह दुकान पर गया तो बिना नंबर की एक कार आकर रुकी। उसमें से चार-पांच युवक नकाब बांधकर नीचे उतरे। उसे डंडों से पीटना शुरू कर दिया। दुकान पर काफी भीड़ एकत्रित हो गई। आरोपी मौके से फरार फरार हो गए। जाते समय उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर गए। उसे पूरा शक है कि वारदात उसकी पत्नी व उसके घरवालों ने करवाई है। पानीपत पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था।
युवती के परिजनों ने युवक पर लगाया था आरोप
उधर, युवती की मौत के बाद रोहतक पहुंचे घरवालों ने डीएसपी को लिखित शिकायत दी थी। आरोप लगाया था कि आरोपी मनीष उर्फ मोनू ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर युवती के पति पर मार्च माह में हमला किया था। जबकि युवक वीडियो वायरल करके इस मामले में अपनी संलिप्तता को नकार कर चुका है।
एफआईआर के अंदर शिकायतकर्ता ने हमले के पीछे अपनी पत्नी व उसके घर वालों पर शक जताया था। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज है, जिसकी जांच जारी है। युवक मनीष उर्फ मोनू की आर्म्स एक्ट में गिरफ्तारी की सूचना मिली है। उसे भी अदालत की अनुमति लेकर जांच में शामिल किया जाएगा।
रमेश कुमार, जांच अधिकारी, पानीपत पुलिस
रिठाल प्रकरण की पुलिस अपने स्तर पर जांच पड़ताल कर रही है। अभी आरोपी आर्म्ज एक्ट में सीआईए टू के पास है। अदालत की अनुमति से उसे जांच में शामिल किया जाएगा।
हरपाल सिंह, प्रभारी थाना सदर