सदर थाना क्षेत्र के एक युवक के साथ साइबर धोखेबाजों ने 56 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने ऑनलाइन एसएससी टेस्ट सीरीज खरीदने के लिए टेलीग्राम एप पर 1 रुपये की पेमेंट की थी, लेकिन साइबर ठग ने इसके बाद 56 हजार रुपये यूपीआई से निकाल लिए। मकड़ौली कलां निवासी हितेश कुमार एक कंपनी में जॉब करते हैं और वह प्रतियाेगी परीक्षा की तैयारी भी कर रहे हैं। 15 जनवरी को उन्होंने टेलीग्राम एप से एसएससी (स्टाफ सेलेक्शन कमीशन) टेस्ट सीरीज खरीदने के लिए आवेदन किया था। इसके लिए फोन पर एक स्कैनर आया और एक रुपये की पेमेंट करने के लिए कहा। पीड़ित ने 1 रुपया भेज दिया और खाते से यह राशि कट गई, लेकिन आरोपी ने 1 रुपया मिलने से इन्कार कर दिया। इसके बाद 16 जनवरी तक हर तीन घंटे में खाते से रुपये कटने के मैसेज आते रहे। जब मैसेज देखे गए तो तब तक 56 हजार रुपये काटे जा चुके थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके धोखेबाजों की तलाश शुरू कर दी है।