Pagoda echoes by the harp of Har Har Mahadev
फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी पर जिले में विभिन्न स्थानों पर महाशिवरात्रि पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर शिवालयों में हर-हर महादेव व बोल बम के जयकारों की गूंज रही। बुधवार की मध्य रात्रि से ही जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालु शिवालयों में जुटने लगे थे। दिन-भर शिवालयों पर भक्तों की भीड़ जमा रही, जगह-जगह प्रसाद वितरण किया गया और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। गोकर्ण धाम स्थित बाबा लक्ष्मणपुरी डेरा पर महामंडलेश्वर कपिलपुरी महाराज व महंत कमलपुरी महाराज ने पारद शिवलिंग पर रुद्राभिषेक किया। इसके अलावा प्राचीन शिव मंदिर किलोई, दुर्गा भवन मंदिर, बजरंग भवन मंदिर, माता मंदिर, वैश्य शिक्षण संस्थान के समीप शमशान भूमि के शिवालय, बाबा बालकपुरी धाम, मॉडल टाउन गुफा मंदिर, दिल्ली बाईपास स्थित शिवालय आदि शिवालयों व मंदिरों में दिन भर भक्तों ने भगवान शिव का अभिषेक किया। माता दरवाजा स्थित संकट मोचन मंदिर में साध्वी मानेश्वरी देवी ने भगवान शिव की पूजा अर्चना की। इस दौरान भोले दी बारात चढ़ी गज-वज के सारेया ने भंग पीती रज-रजके, खाले बाजरे की रोटी भोलेनाथ, भोले मैं नाच लूंगी तेरे साथ आदि भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया और भक्तगण झूम उठे।