रोहतक। हरियाणा राज्य विधिक सेवा अथॉरिटी एवं हरियाणा स्कूल शिक्षा निदेशालय के सौजन्य से पठानिया पब्लिक स्कूल वर्ल्ड कैंपस में मंडल स्तरीय कानूनी साक्षरता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें रोहतक डिविजन में आने वाले सभी जिले के विजेता प्रतिभागियों ने भाग लिया।
इसकी अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह ने की। समन्वयक की भूमिका बीआरसी पुष्पा शर्मा, बीआरसी जयभगवान, लीगल लिटरेसी कोऑर्डिनेटर डॉ. कविता और डीएमएस दीपक अरोड़ा ने निभाई। मुख्य अतिथि सीजीएम तरन्नुम खान रहीं।
कानूनी साक्षरता की प्रतियोगिताओं के अंतर्गत कविता पाठ, निबंध लेखन, स्लोगन प्रतियोगिता, वाद-विवाद, ऑन द स्पॉट पेंटिंग, स्किट प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, भाषण, पीपीटी, डॉक्यूमेंट्री आदि प्रतियोगिताएं करवाई गई। कार्यक्रम समन्वयक पुष्पा शर्मा ने बताया कि शिक्षा विभाग के पत्रानुसार पुरस्कार राशि विजेता प्रतिभागियों के बैंक खाते में जमा करवाई जाएगी। बीआरसी जयभगवान ने बताया यह प्रतिस्पर्धा कुल 18 थीम पर आधारित रही।
इसमें रोहतक, सोनीपत, झज्जर, चरखी दादरी और भिवानी से 450 विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतिस्पर्धा में विशिष्ट उपस्थिति जिला परियोजना समन्वयक रेणु खत्री, बीआरसी सुंदरलाल, बीआरसी सदानंद और खंड शिक्षा अधिकारी सरिता खनगवाल की रही। भिवानी, चरखी दादरी और झज्जर जिलों से आए लीगल लिटरेसी के नोडल अधिकारियों ने अपने जिले का प्रतिनिधित्व किया। इस मौके पर प्राचार्य पूनम वर्मा, अंजू डबास, अंजना, प्रवक्ता कृष्णा रंजन, बबीता, अलका मदान, रितु मलिक, पवन, सुनील, संदीप और जेई सोनू मौजूद रहे।