झज्जर। लोकसभा चुनाव को मद्देनजर पुलिस ने ऑपरेशन आक्रमण चलाया। पुलिस उपायुक्त डॉक्टर अर्पित जैन के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सुलौधा निवासी एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले के आरोपी सहित विभिन्न मामलों के वांछित 33 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए गए इस अभियान में जिले के सभी थाना प्रबंधक चौकी प्रभारी, सीआईए, एएनसी की विभिन्न 59 टीमों का गठन किया गया। इसमें 263 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपराधियों पर कड़ा प्रहार करते हुए विभिन्न मामलों के 33 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। थाना सदर झज्जर के एरिया में सुलौधा निवासी एक व्यक्ति की चोट मार कर हत्या करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।अवैध शराब के साथ दो आरोपियों को काबू किया गया, जिनसे अवैध देशी शराब की 30 पेटी व 11 बोतल बरामद हुई। एक आरोपी को नशीले पदार्थ स्मैक के साथ काबू किया गया, जिससे 7 ग्राम 20 मिलीग्राम नशीला पदार्थ स्मैक बरामद हुआ। वही एक अन्य मामले में अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को काबू किया गया, जिससे एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुई। इसके अलावा झज्जर पुलिस की विभिन्न टीमों ने विभिन्न मामलों के 6 पीओ, 12 बेल जंपरों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। ्