रोहतक। लोकसभा चुनाव के नामांकन के तीसरे दिन भारतीय आशा पार्टी (भाआपा) के प्रत्याशी विशेष बामल ने बुधवार को नामांकन दाखिल किया। बामल 2.43 करोड़ की संपति के मालिक हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास भी एक करोड़ 9 लाख चल अचल संपति है। मंगलवार को एसयूसीआई (सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया कम्युनिस्ट) के जयकरण मांडौठी ने फार्म भरा था। अब तक दो ही प्रत्याशी चुनाव मैदान में आए हैं।
नामांकन के तीन दिन में अब तक दो ही प्रत्याशी मैदान में आए हैं। भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों सहित 29 लोगों ने नामांकन फार्म खरीदा है। बुधवार को गांव खरकड़ा निवासी मंगलामुखी सोनू और सिसरौली व वर्तमान में शिव नगर कॉलोनी निवासी एडवोकेट विनोद कटारिया नामांकन दाखिल करने पहुंचे, लेकिन दस्तावेज पूरे न होने के कारण लौट गए।
पैतृक गांव में डेढ़ करोड़ की जमीन, 7 लाख रुपये लोन भी ले रखा
भाआपाके प्रत्याशी पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। पैतृक गांव भराण में डेढ़ करोड़ की 4.25 एकड़ जमीन है जबकि पत्नी के पास 95 लाख की 2.30 एकड़ जमीन है। इसके अलावा बामल के पास 23 लाख की चल व 2.20 करोड़ की अचल संपति हैं। इसमें 27 लाख की नकदी, एक कार व 40 ग्राम सोना भी है। इसके साथ-साथ विशेष बामल की पत्नी के पास 14 लाख 30 हजार की चल व 95 लाख की अचल संपत्ति है। इसमें 100 ग्राम जेवरात व 2.30 एकड़ जमीन भी शामिल है।